समाचार सारांश टीम नेटवर्क चंपावत
पद्म पुरस्कार 2027 हेतु नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ: योग्य व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित करने की अपील
गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ कर दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जो कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग एवं लोक प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण एवं विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
इन पुरस्कारों के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक नामांकन के लिए पात्र है। हालांकि, डॉक्टरों एवं वैज्ञानिकों को छोड़कर अन्य सरकारी कर्मचारी (पीएसयू में कार्यरत सहित) सामान्यतः पात्र नहीं होते हैं।
इस हेतु कोई भी योग्य व्यक्तित नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर आवेदन कर सकता है।
नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जिसके पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि सामान्यतः पद्म पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान नहीं किए जाते, किन्तु विशेष परिस्थितियों में यदि किसी अत्यंत योग्य व्यक्ति का निधन हाल ही में (एक वर्ष के भीतर) हुआ हो, तो ऐसे मामलों पर विचार किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, यदि किसी व्यक्ति को पूर्व में पद्म पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, तो उसे उच्च श्रेणी का पुरस्कार प्रदान करने हेतु कम से कम 5 वर्ष का अंतराल आवश्यक है।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विशेष रूप से जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों एवं संबंधित विभागों से अपील करते हुए कहा कि समाज में अनेक ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं, जो निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, लेकिन प्रचार-प्रसार से दूर रहने के कारण उनकी पहचान सामने नहीं आ पाती। ऐसे ‘अनसंग हीरोज’, महिलाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन एवं समाज के वंचित वर्गों से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके नामांकन सुनिश्चित किए जाएं, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिल सके।


