पौड़ी।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत पौड़ी पुलिस के सघन चेकिंग अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में हुई, जो फर्जी नाम और दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को कोतवाली लक्ष्मणझूला और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम रामझूला क्षेत्र में सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसकी जानकारी संदिग्ध पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सनीउर रहमान उर्फ “सत्यसाधू” (39 वर्ष), निवासी फरीदपुर, बांग्लादेश बताया।
जांच में खुलासा हुआ कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था और अपनी पहचान छुपाने के लिए “सत्यनिष्ठ आर्य” नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट (2018 में समाप्त), आधार कार्ड, मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली लक्ष्मणझूला में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी के अन्य कनेक्शनों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों और फर्जी दस्तावेज धारकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बड़ी खबर (उत्तराखंड) ऐसे पकड़ा गया बांग्लादेशी नागरिक,टैबलेट बरामद ।।


