लालकुआँ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 किलो से अधिक चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो साथी फरार ।
लालकुआँ। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआँ कोतवाली पुलिस को शनिवार शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। हल्दूचौड़ स्थित हीरन बाबा मंदिर, खैरानी के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को 1 किलो 22 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन राणा ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कार संख्या UK04-S-9751 को रोकने का संकेत दिया गया। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दो युवक कार से कूदकर जंगल की ओर भाग निकले, जबकि इन्द्रानगर प्रथम, बिन्दुखत्ता निवासी राम सिंह दानू को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें से 1 किलो 22 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी दीपक दानू और गोपाल नाथ गोस्वामी के साथ मिलकर बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चरस की तस्करी और बिक्री का काम करता था। पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने कहा कि “क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।”
इस कार्रवाई को सफल बनाने में कोतवाल ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह कठायत, भूपेंद्र जेष्ठा, अनिल गिरी, कुबैर सिंह राणा समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE
