पिंडारी ट्रैक पर लापता पर्यटक की तलाश तेज, घटनास्थल का किया गया री-क्रिएशन
बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग रूट पर लापता हुए उत्तर प्रदेश के पर्यटक अभिषेक चौहान की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने संभावित घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का री-क्रिएशन भी किया, ताकि लापता पर्यटक के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें।
Promote Your Business Here
जानकारी के अनुसार शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी अभिषेक चौहान 28 मई को पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग पर गए थे। 29 मई को दोपहर करीब ढाई बजे लौटते समय खाती गांव से लगभग सात से आठ किलोमीटर पहले छिल्याणी गधेरे के पास वह अचानक लापता हो गए। उनके पोर्टर एवं गाइड आनंद राम ने रात करीब आठ बजे खाती गांव पहुंचकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ टीम के जवानों ने जोखिम भरे क्षेत्र में उतरकर पिंडर नदी के किनारे से अभिषेक का कैमरा बरामद किया था। इसके बाद गधेरे से करीब 150 से 200 मीटर नीचे पिंडर नदी के पास उनका रेनकोट और कैप भी बरामद हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर एक जून को थाना कपकोट में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
सोमवार को पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग, फायर सर्विस, राजस्व विभाग, ड्रोन टीम और स्थानीय ग्रामीणों की करीब 50 सदस्यीय संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गाइड आनंद राम को साथ लेकर टीमों ने पिंडर नदी के दोनों किनारों, मिसिंग पॉइंट से खाती तक तथा सोराग पुल से बदियाकोट पुल तक व्यापक खोजबीन की।
पुलिस का मानना है कि घटनास्थल का री-क्रिएशन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण मामले की वास्तविक परिस्थितियों को समझने में मददगार साबित हो सकता है। फिलहाल लापता पर्यटक की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने बताया कि अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और पर्यटक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
