Ad

बड़ी खबर (देहरादून)एक और रिश्वतखोर आया विजिलेंस के हाथ, सुपरवाइजर को किया रंगे हाथ गिरफ्तार ।।


10 हजार का चालान निपटाने के नाम पर रिश्वतखोरी, नगर निगम का सफाई नायक विजिलेंस ट्रैप में गिरफ्तार
देहरादून, 25 मई। नगर निगम में तैनात एक सुपरवाइजर/सफाई नायक को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये के चालान को निपटाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की चांदचक रोड, बंजारावाला में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास पानी फैले होने पर नगर निगम देहरादून के सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया था।
आरोप है कि चालान को निपटाने और राहत दिलाने के नाम पर आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगी। परेशान दुकानदार ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई।
विजिलेंस टीम ने रविवार को जाल बिछाकर आरोपी अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर तत्काल दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad