आंख मुंह ओर कान पर पट्टी बांध युवाओं का अनोखा प्रदर्शन।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स गठन का आश्वासन

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

लालकुआँ (नैनीताल)। लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के विरोध में मंगलवार को तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आंखों, कानों और मुंह पर पट्टी बांधकर पांच मिनट का मौन रखा। उनका कहना था कि यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन उस कथित अनदेखी और निष्क्रियता के विरोध में है, जिसके कारण क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब, स्मैक, चरस और गांजा जैसे मादक पदार्थों का कारोबार पनप रहा है।

धरने के दौरान राष्ट्रपति को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमोद कुमार को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान चलाया जाए, संदिग्ध स्थलों पर नियमित औचक छापेमारी हो, नशे की सप्लाई चेन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, लापरवाही या मिलीभगत में पाए जाने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान तथा युवाओं के लिए पुनर्वास एवं परामर्श सुविधाएं सुदृढ़ करने की भी मांग रखी गई।

जानकारी देते हुए क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के संयोजक पीयूष जोशी ने कहा कि यह कार्यक्रम “एक युद्ध – नशे के विरुद्ध” अभियान की शुरुआत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण और कानूनसम्मत रहेगा, किंतु यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस एवं दृश्यमान कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध तरीके से पदयात्राएं, जनजागरण अभियान और व्यापक सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ।

पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन दुमका ने धरने को खुला समर्थन देते हुए कहा, “नशे के विरुद्ध उठ रही जनभावनाओं को सरकार और प्रशासन को गंभीरता से सुनना चाहिए। लालकुआँ विधानसभा में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार स्वीकार्य नहीं है। मेरे कार्यकाल में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती बरती गई थी। यदि आवश्यकता पड़ी तो मैं स्वयं संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर इस दिशा में ठोस समाधान निकालने का प्रयास करूंगा।”

पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज की जड़ों को कमजोर कर रही है और इसे रोकने के लिए नियमित छापेमारी और निगरानी बढ़ाना आवश्यक है। पूर्व प्रधान हरेंद्र ने ग्रामीण क्षेत्रों तक अवैध शराब की पहुंच पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं गौ सेवक दीपक पांडे ने कहा, “यह केवल कानून का मुद्दा नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों का प्रश्न है। यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।”

उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि अवैध नशे के कारोबार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है या उन्हें संरक्षण देता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में शीघ्र ही एंटी ड्रग्स एवं अवैध शराब के विरुद्ध विशेष टास्क फोर्स गठित कर अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने किया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या अब सामाजिक और आर्थिक संकट बनती जा रही है। “व्यापार, परिवार और युवाओं का भविष्य दांव पर है। प्रशासन को सख्त और निरंतर कार्रवाई करनी ही होगी,” उन्होंने कहा।

इस दौरान कीर्ति दुमका (जिला अध्यक्ष स्वराज सेवादल),छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल, भानु कबड़वाल,क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह बिष्ट,महासंघ उपाध्यक्ष सचिन फुलारा,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल,बिना जोशी (प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस),वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरेंद्र बोरा, पूर्व प्रधान शंकर जोशी, प्रधान ललित जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता जीवन बोरा, नितिन पंत (प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस), गोविंद सिंह दानू, चंदन बोरा, मोहित जोशी, उमेश लोहनी, शैलेंद्र दुमका, हरीश सुयाल, विनोद बिष्ट, ललित भट्ट, ललित ढौंडियाल, सीमा आर्य (उपाध्यक्ष महिला मंगल दल), सोनी कालाकोटी, राजेंद्र बिष्ट, मुकेश कबड़वाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भास्कर भट्ट, गोविंद कुमार, विवेक सिंह, दीपक सिंह, इंद्रपाल आर्य, , विनोद भट्ट, गणेश जलाल, पंकज सिंह बिष्ट, विक्रम धामी, विशाल झा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, किरण डालाकोटी, पार्षद हल्द्वानी मनोज जोशी, वंश गुप्ता, मोहनी मेहता, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. बालम सिंह बिष्ट, शैलेंद्र सिंह दुमका, लक्की दुमका, रवि राणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय सिंह सामंत, ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *