Ad

बड़ी खबर(चंपावत)डेंजर जोन स्वाला फिर जिलाधिकार पहुंचे मौके पर,कहा मानसून से पहले की जाए तैयारी ।।


चम्पावत 03 जून 2026,

जिलाधिकारी ने किया संवेदनशील डेंजर जोन ‘स्वाला’ का स्थलीय निरीक्षण, वर्षा ऋतु से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश

जनपद के अत्यधिक संवेदनशील डेंजर जोन ‘स्वाला’ का गुरुवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा भी पूर्व में इस संवेदनशील क्षेत्र का निरीक्षण किया जा चुका है।

चंपावत को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के माननीय मुख्यमंत्री जी के संकल्प में यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रखता है। यह मार्ग न केवल जनपद चंपावत और पिथौरागढ़ की जीवनरेखा है, बल्कि सामरिक दृष्टि से सेना के सुगम मूवमेंट के लिए भी बेहद खास है। इस मार्ग के बाधित होने से दोनों जनपदों की आम जनता के साथ-साथ सैन्य आवागमन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि इस डेंजर जोन के स्थायी उपचार और सुधार के लिए वर्तमान में दो अलग-अलग एजेंसियां—हिल साइड और वैली साइड—युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। आगामी वर्षा ऋतु की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों ही कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

वैली साइड में कार्यरत एजेंसी द्वारा जिलाधिकारी को आश्वस्त किया गया है कि आगामी 30 जून तक मार्ग के दोनों ओर से यातायात का सामान्य संचालन पूर्ण रूप से शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, हिल साइड में कार्यरत एजेंसी ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान में अंतिम कास्टिंग का कार्य गतिमान है, जिसे आगामी 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं को पूरे क्षेत्र की निरंतर और प्रभावी निगरानी (सतत सुपरविजन) करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून और वर्षा काल के दौरान मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनों और आधुनिक लाइटों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी भूस्खलन या आपातकालीन स्थिति में तत्काल मार्ग खोलकर यातायात बहाल किया जा सके और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad