बागेश्वर,
आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने किया कंट्रोल रूम का निरीक्षण
जनपद में लगातार हो रही वर्षा तथा बढ़ती आपदा संभावनाओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सोमवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध संसाधनों, संचार उपकरणों, अभिलेखों तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केंद्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए 24×7 सतर्क एवं सक्रिय रहें तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्ण तत्परता बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपदा से संबंधित अभिलेखों, संपर्क सूचियों एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में समयबद्ध सूचना आदान-प्रदान एवं त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं हर समय क्रियाशील एवं सुचारु बनी रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी संभावित आपदा स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग एवं तैयार है।


