Ad

(रेलवे ब्रेकिंग)अमृत भारत योजना के तहत शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का तेजी से कायाकल्प, मंत्री सुरेश खन्ना ने किया निरीक्षण


अमृत भारत योजना के तहत शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का तेजी से कायाकल्प, मंत्री ने किया निरीक्षण
शाहजहांपुर, 21 मार्च। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल अंतर्गत शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य तेजी से जारी है। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और शाहजहांपुर लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के साथ स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, सेकेंड एंट्री गेट, फुट ओवर ब्रिज और स्टेशन भवन के पुनर्निर्माण कार्यों का विस्तृत अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिसमें लिफ्ट, एस्केलेटर, विस्तारित प्लेटफॉर्म और बेहतर आवागमन व्यवस्था शामिल है।
मंत्री और सांसद ने विशेष रूप से सेकेंड एंट्री के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 और 6 को ऊंचा करने तथा उनकी सतह सुधारने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के तहत स्टेशन परिसर में ईवी चार्जिंग स्टैंड स्थापित किया गया है। इसके अलावा रेलवे कॉलोनी में 550 मीटर नई सड़क और लगभग 2 किलोमीटर सड़क मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। तेल टंकी से मालगोदाम तक चौड़ी सड़क और नाले का निर्माण भी कराया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए 6 मीटर और 7.26 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज बनाए जा रहे हैं, जिनमें एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा होगी। जल आपूर्ति सुधारने के लिए ओवरहेड टैंक, स्वचालित क्लोरीनेशन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है।
सुरक्षा के लिहाज से 8 समपारों को खत्म कर उनकी जगह सबवे बनाने की योजना है, जबकि ट्रैक किनारे फेंसिंग और अवैध क्रॉसिंग बंद करने का कार्य भी जारी है। रेल संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए पेड़ों की कटाई, पुलों के सुदृढ़ीकरण और ट्रैक आधुनिकीकरण के कार्य तेजी से चल रहे हैं।
निरीक्षण के अंत में मंत्री और सांसद ने कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए सभी परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की रेल अवसंरचना और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad