कपकोट में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: जंगल में लापता मां-बेटी को एसडीआरएफ ने सकुशल निकाला
कपकोट (बागेश्वर)। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच लापता हुई मां-बेटी को आखिरकार एसडीआरएफ ने सुरक्षित खोज निकाला। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
28 फरवरी को कपकोट थाना क्षेत्र के ग्राम वाछम की एक महिला अपनी पुत्री के साथ घास लेने जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। स्थिति गंभीर होती देख परिजनों ने पुलिस के माध्यम से एसडीआरएफ से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट कपकोट से टीम प्रभारी मुख्य आरक्षी दिनेश पुरी के नेतृत्व में टीम आवश्यक सर्चिंग उपकरणों के साथ तुरंत रवाना हुई। घने जंगल, खड़ी ढलानों और दुर्गम क्षेत्रों में टीम ने सुनियोजित तरीके से गहन सर्च अभियान चलाया।
काफी देर की मशक्कत के बाद टीम को जंगल के भीतर दोनों महिलाएं सुरक्षित अवस्था में मिल गईं। इसके बाद एसडीआरएफ जवानों ने सावधानीपूर्वक उन्हें जंगल से बाहर निकाला और सकुशल उनके घर पहुंचाया।
सुरक्षित बरामद व्यक्तियों का विवरण:
श्रीमती नंदी देवी (54 वर्ष), पत्नी श्री दान सिंह, निवासी ग्राम वाछम
कुमारी करिश्मा (18 वर्ष), पुत्री श्री दान सिंह, निवासी ग्राम वाछम
परिजनों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान की सराहना की है।
(मां और बेटी) एसडीआरएफ का बड़ा रेस्क्यू


