Ad

बड़ी खबर(भवाली)कार खाई में गिरी, पांच की मौत, सभी की शिनाख्त।।


भवाली। नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल थे।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना अपराह्न करीब 2:15 बजे हुई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। हादसे में खटीमा निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19), पुत्री रवी (12) तथा चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) निवासी आलमनगर, लखनऊ की मौत हो गई।
मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad