निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ मारपीट की घटना की शिक्षक समाज ने की कड़ी निंदा
देहरादून। आज निदेशालय में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर प्रदेशभर के शिक्षक समाज में आक्रोश व्याप्त है। समस्त शिक्षक समुदाय ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताया है। शिक्षकों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएँ शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुँचाती हैं तथा प्रशासनिक तंत्र पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन, जनपद नैनीताल के पूर्व जिला मंत्री डिकर सिंह पडियार ने बयान जारी कर कहा कि दोषियों के खिलाफ शीघ्र से शीघ्र कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने निदेशक महोदय को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण शिक्षक समुदाय इस घटना के विरोध में एकजुट है और निदेशक के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। संगठन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
(बड़ी खबर)निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ मारपीट की घटना की शिक्षक समाज ने की कड़ी निंदा कार्रवाई की मांग ।।


