Ad

बड़ी खबर(देहरादून) अपराधियों के हौसले बुलंद, दिनदहाड़े कारोबारी की करी हत्या,


दिनदहाड़े तिब्बती मार्केट में कारोबारी की गोली मारकर हत्या
, सचिवालय से एक किमी दूर गूंजी गोलियां
देहरादून, 11 फरवरी। राजधानी देहरादून बुधवार सुबह उस समय दहल उठी जब शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील क्षेत्र तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े स्कूटी सवार दो हमलावरों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सचिवालय और पुलिस मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुई, जहां उसी समय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक चल रही थी।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (40) पुत्र निवासी इंदिरा नगर, बसंत विहार के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।


टेनिस खेलकर लौटते समय बरसाईं गोलियां
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तिब्बती मार्केट के पास फल खरीदते समय स्कूटी पर सवार दो युवकों ने नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
घायल अर्जुन को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पारिवारिक विवाद की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने परिवार के साथ संपत्ति और व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मृतक की माता ने पूर्व में माननीय उच्च न्यायालय से अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। इस एंगल को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
मृतक की पत्नी श्रीमती अभिलाषा शर्मा निवासी बसंत विहार ने कोतवाली डालनवाला में प्रार्थना पत्र देकर अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल तथा एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉ. अजय खन्ना पर पैसों के लेन-देन और पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीएम ने गृह सचिव को किया तलब
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने गृह सचिव शैलेश बगौली को तलब कर सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। गृह सचिव ने अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए हैं।
सघन चेकिंग और सीसीटीवी खंगाले जा रहे
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
राजधानी के हाई-प्रोफाइल क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad