नैनीताल में करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, SSP के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी/नैनीताल |
जनपद नैनीताल में जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरगलिया थाना पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।
क्या है पूरा मामला?
हल्द्वानी की नवाबी रोड निवासी महिला और अन्य पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने जमीन की बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर करीब 1.44 करोड़ रुपये की ठगी की। इस मामले में थाना चोरगलिया में FIR नंबर 08/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें IPC की धारा 420, 467, 468 और 471 लगाई गईं।
लंबे समय से फरार था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले काफी समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिससे गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी।
ऐसे दबोचा गया शातिर ठग
SP हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और CO हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक चोरगलिया हरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की।
24 मार्च 2026 की देर शाम पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपांशु बेलवाल (31 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण दत्त बेलवाल, निवासी सुरेंद्रपुर बेलवाल, गौलापार (थाना चोरगलिया, नैनीताल) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस ऑपरेशन में उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी और हेड कांस्टेबल मलखान सिंह की अहम भूमिका रही।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
बड़ी खबर (हल्द्वानी)हो गई कार्रवाई. जमीनी फ्रॉड गिरफ्तार ।।


