खटीमा में बाघ का आतंक: जंगल में मवेशी चराने गई वृद्धा को बनाया निवाला
खटीमा, 2 अप्रैल। सीमांत क्षेत्र खटीमा के बग्गा चौवन इलाके में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बाघ ने जंगल में मवेशी चरा रही वृद्ध महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 71 वर्षीय गोपुली देवी रोज की तरह सुबह अपने पशुओं को चराने जंगल गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए घनी झाड़ियों में ले गया। आसपास मौजूद अन्य चरवाहों ने शोर मचाया और तुरंत गांव में सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल के भीतर से बरामद किया गया।
घटना से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गोपुली देवी पशुपालन के जरिए परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके परिवार में दो विवाहित बेटियां और एक अविवाहित पुत्र चंदन सिंह दशौनी हैं। अचानक हुई इस घटना से घर में कोहराम मचा हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप प्रभागीय वन अधिकारी संचिता वर्मा और रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल ने मौके का निरीक्षण किया। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
वन विभाग ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय खटीमा भेज दिया गया है।
बड़ी खबर (उत्तराखंड)मवेशी की जान बचाने में महिला की ली बाघ ने जान।


