धराली में कार दुर्घटनाग्रस्त, एक ही परिवार के चार लोग घायल
उत्तरकाशी। जनपद के हर्षिल क्षेत्र अंतर्गत धराली बाजार में सोमवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे धराली बाजार स्थित धराली नाले के पास राष्ट्रीय राजमार्ग गंगोत्री पर एक कार (UP16DQ 2207) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना सुबह 9:20 बजे पुलिस को प्राप्त हुई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस एवं राहत दल मौके पर पहुंचे।
दुर्घटनाग्रस्त कार को दिल्ली निवासी अनुराग सक्सैना (33 वर्ष) चला रहे थे। बताया गया कि वाहन उत्तरकाशी से श्री गंगोत्री धाम दर्शन के लिए जा रहा था। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
दुर्घटना में अनुराग सक्सैना, उनकी पत्नी वर्षा सक्सैना (33 वर्ष), उनका पांच वर्षीय पुत्र तथा प्रतिमा सक्सैना (56 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


