ई-सिम फ्रॉड से ₹2.81 लाख की ठगी का खुलासा, एक आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
टिहरी गढ़वाल। जनपद की साइबर अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-सिम फ्रॉड के माध्यम से हुई ₹2,81,898 की साइबर ठगी का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को देवघर (झारखंड) से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार व पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, वादी शैलेन्द्र सिंह को आरोपी ने खुद को जियो कंपनी का अधिकारी बताकर एक APK फाइल भेजी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपी ने ई-सिम जारी कर उनके बैंक खाते से ₹2,81,898 की रकम अमेज़न वॉलेट के जरिए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली।
जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो उससे और पैसे की मांग की गई। मामले में थाना कैम्पटी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान बबलू दास निवासी देवघर, झारखंड के रूप में हुई। आरोपी ने ई-सिम फ्रॉड के जरिए मोबाइल नंबर अपने नियंत्रण में लेकर बैंकिंग और वॉलेट से जुड़ी जानकारी अन्य साथियों के साथ साझा की थी। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित खाते के खिलाफ पहले से 6 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने 27 मार्च 2026 को आरोपी को देवघर से गिरफ्तार कर लिया। टीम में निरीक्षक कृष्ण कान्त आर्य, उपनिरीक्षक ओमकान्त भूषण सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
बड़ी खबर (उत्तराखंड) ई-सिम फ्रॉड से की ठगी का खुलासा, एक गिरफ्तार. यही व्यक्ति करता था फोन से बात ।।


