वाराणसी :-धर्म और संस्कृति की नगरी काशी के भदैनी घाट पर बुधवार दोपहर एक ऐसी घटना घटी जिसने मानवता और संवेदनशीलता पर कई सवाल खड़े कर दिए। एक मामूली विवाद के बाद प्रेमी द्वारा सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारे जाने से आहत होकर एक युवती ने उफनती गंगा में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि घाट पर मौजूद नाविकों ने अदम्य साहस का परिचय दिया और समय रहते युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना का घटनाक्रम प्यार, तकरार और फिर खौफनाक कदम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भेलूपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भदैनी घाट पर एक युवक अपनी प्रेमिका और एक अन्य दोस्त के साथ बैठा था। शुरुआत में तीनों सामान्य बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने आपा खो दिया और सरेराह युवती के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया।
सार्वजनिक स्थान पर हुए इस अपमान और मानसिक आघात को युवती बर्दाश्त नहीं कर सकी। वह फौरन उठी और बिना कुछ सोचे-समझे सीधे गंगा की लहरों में कूद गई।
नाविकों की जांबाजी मौत के मुंह से खींच लाए
जैसे ही युवती पानी में कूदी, घाट पर चीख-पुकार मच गई। गंगा का बहाव तेज होने के कारण युवती तेजी से गहरे पानी की ओर बहने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय नाविकों ने बिना एक पल गंवाए अपनी जान जोखिम में डाली और नदी में कूद पड़े।
नाविकों ने कड़ी मशक्कत के बाद डूबती हुई युवती को पकड़ लिया और उसे किनारे तक लेकर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यदि नाविकों ने 1-2 मिनट की भी देरी की होती, तो युवती की जान बचाना नामुमकिन हो जाता। किनारे लाने के बाद प्राथमिक उपचार के बाद युवती की स्थिति सामान्य बताई गई है।
हैरानी की बात यह रही कि इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक और युवती के बीच समझौता जैसा माहौल दिखा और दोनों बिना किसी पुलिसिया कार्रवाई के वहां से चले गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


