Ad

(बड़ी खबर) गए थे चोरी करने,पड़ गए जान के लाले, अस्पताल में भर्ती।।


गाजियाबाद: क्लीनिक में चोरी करने घुसा नाबालिग शटर में फंसा, 20 मिनट रेस्क्यू के बाद निकाला गया
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड स्थित एक क्लीनिक में चोरी की नीयत से घुसा एक नाबालिग चोर शटर और दीवार के बीच फंस गया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब 20 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन शर्मा का अभय खंड में क्लीनिक है, जहां वह सप्ताह में दो-तीन दिन बैठते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे जब स्टाफ क्लीनिक पहुंचा और शटर खोलने का प्रयास किया, तो शटर नहीं खुला। संदेह होने पर स्टाफ ने डॉक्टर और पुलिस को सूचना दी।
डॉ. शर्मा ने क्लीनिक के पिछले गेट से अंदर प्रवेश किया, जहां एक नाबालिग चोर शटर और दीवार के बीच फंसा हुआ मिला। उसका सिर बुरी तरह जकड़ा हुआ था, जिसे देख सभी हैरान रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शटर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद नाबालिग को बाहर निकाला। कई घंटों तक फंसे रहने के कारण उसकी हालत खराब हो गई थी और चेहरा भी छिल गया था।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, नाबालिग की उम्र करीब 15 वर्ष है। उसे उपचार के लिए संजय नगर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
रेस्क्यू के बाद दमकल कर्मियों और क्लीनिक स्टाफ ने मानवता दिखाते हुए उसे चाय पिलाई, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Ad