राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में
हल्दूचौड़ क्षेत्र के बच्चीधर्मा निवासी 25 वर्षीय नीरज फुलारा पुत्र स्वर्गीय भुवन फुलारा की मौत हो गई घटना रुद्रपुर लाल कुआं मार्ग की बताई जाती है । हादसे में उनकी बड़ी बहन प्रियंका फुलारा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरज अपनी बहन और अन्य परिजनों के साथ रुद्रपुर में एक रिश्तेदार के नामकरण संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपनी बहन प्रियंका के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान पत्थरचट्टा क्षेत्र के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रियंका को तत्काल हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि करीब 15 वर्ष पूर्व नीरज के पिता भुवन फुलारा की भी होली के दौरान एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। एक ही परिवार में दो सड़क हादसों में हुई मौतों ने परिजनों और क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


