पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के बालमणा गांव में काम कर घर वापस लौट रहे एक राज मिस्त्री को गुलदार ने हमला कर मार डाला।
घटना शाम की है। राज मिस्त्री जब घर नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह उसकी खोजबीन की तो उसका शव झाड़ियों में मिला। राज मिस्त्री पर गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग ने क्षेत्र में टीम तैनात करने के साथ ही पिंजरे भी लगाए हैं। बीते चार महीनों में अकेले पौड़ी रेंज की यह चौथी घटना है।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि राज मिस्त्री 48 वर्षीय प्रकाश कुमार निवासी चिवालू ग्राम सभा जामला, सोमवार शाम को काम कर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में उन पर गुलदार ने हमला कर मार दिया। शव मंगलवार को बरामद हो सका। मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा दिया जा रहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में टीम तैनात की गई है। गुलदार को नरभक्षी घोषित करने के लिए मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक को पत्र भी भेज दिया गया है। टीम प्रभावित क्षेत्र में चौबीस घंटे गश्त करेगी। वहीं दूसरी ओर गुलदार के इस हमले के बाद बालमणा सहित जामला आदि गांवों में गुलदार की दहशत बनी है। ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने में भी कतरा रहे हैं।


