बाजपुर चीनी मिल में बीज खरीद घोटाला उजागर, तीन अधिकारी निलंबित
बाजपुर। बाजपुर चीनी मिल में गन्ना बीज की खरीद और परिवहन भुगतान में अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में दोषी पाए जाने पर मुख्य गन्ना अधिकारी (सीसीओ) सहित तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022–23 में रिकॉर्ड में दर्शाया गया था कि कपूरथला से सीओपीबी-95 प्रजाति का गन्ना बीज मंगाया गया, लेकिन जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि उक्त बीज पंजाब कृषि विश्वविद्यालय से लाया ही नहीं गया था। आशंका जताई गई कि बीज किसी अन्य स्रोत से खरीदकर दस्तावेजों में गलत विवरण दर्ज किया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बाजपुर के शिवपुरी निवासी बल्देव सिंह ने गन्ना बीज की कीमत में भारी अंतर की शिकायत गन्ना विभाग से की। शिकायत के बाद गन्ना आयुक्त स्तर से जांच कराई गई और उत्तराखंड सहकारी चीनी मिल्स संघ ने तीन सदस्यीय समिति गठित की। जांच में कई प्रशासनिक और वित्तीय खामियां सामने आईं।
रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि अधिकारियों ने नियमानुसार ई-निविदा प्रक्रिया अपनाने के बजाय केवल कोटेशन के आधार पर एक फर्म को भुगतान कर दिया। इस पर कार्रवाई करते हुए संघ के एमडी पी.सी. दुम्का के निर्देश पर मुख्य गन्ना अधिकारी राजीव कुमार, प्रभारी मुख्य लेखाकार वीरसेन राठी और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक दीपिका को निलंबित कर अन्य चीनी मिलों से संबद्ध कर दिया गया है।
चीनी मिल महाप्रबंधक डॉ. अमृता शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोष सिद्ध होने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी


