लालकुआं, 24 फरवरी 2026। यात्रियों को जल्द ही लालकुआं रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर की सुविधा मिलने जा रही है। रेल प्रशासन ने पांचों प्लेटफॉर्म को जोड़ने के लिए अप पैदल पुल (फुट ओवर ब्रिज) का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया है और निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

North Eastern Railway प्रशासन यात्रियों को उन्नत और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, विस्तार और विकास के कार्यों को निरंतर गति दे रहा है। इसी क्रम में लालकुआं जंक्शन रेलवे स्टेशन को Amrit Bharat Station Scheme के अंतर्गत पुनर्विकसित किया जा रहा है।
योजना के तहत 12 मीटर चौड़े और 62 मीटर लंबे पैदल उपरिगामी पुल के निर्माण के लिए 20 से 24 फरवरी 2026 के बीच कुल 22 गर्डरों की सफल लांचिंग की गई। ब्लॉक अवधि के दौरान पहले प्लेटफॉर्म संख्या 2 से 3, 4 और 5 के बीच लगभग 8.50 टन वजनी 11 गर्डर (लंबाई 31.580 मीटर) स्थापित किए गए। इसके बाद प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 2 एवं 3 के मध्य लगभग 7.75 टन वजनी 11 गर्डर (लंबाई 30.56 मीटर) 30 मिलीमीटर एक्सपेंशन गैप के साथ 550 टन क्षमता की क्रेन द्वारा चार दिनों के अथक प्रयासों से लगाए गए।
इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 और 3 पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर निर्माण का कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म परिवर्तन में सुविधा और समय की बचत होगी। स्थानीय यात्रियों ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे स्टेशन के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।


