यूपी। यूपी पुलिस की घेराबंदी देख भाग रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो शुक्रवार की देर रात देवरिया के गौरीबाजार क्षेत्र में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक महिला और पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है। स्कार्पियो सवारों ने कई वाहनों में ठोकर मारी और पुलिसकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की। झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस पशु तस्करों की सूचना पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। एक पिकअप की जांच की जा रही थी, तभी उसके पीछे खड़ी स्कार्पियो वाहनों में ठोकर मारकर भागने लगी। इस बीच पिकअप चालक भी भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर पिकअप सवार एक युवक को पकड़ लिया, जबकि स्कॉर्पियो आगे निकल गई। पशु तस्करों के साथी होने के संदेह पर पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया और गौरीबाजार पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। गौरीबाजार में पुलिस की घेराबंदी से बचने के प्रयास में स्कॉर्पियो चालक ने दूसरी लेन से भागने का प्रयास किया, लेकिन आगे ट्रैक्टर होने से डिवाइडर से टकराकर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पहचान मनीषा यादव और विशाल कुमार के रूप में हुई। वह कहां के रहने वाले हैं इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
(बड़ी खबर)पुलिस ने किया स्कॉर्पियो का पीछा.चेकिंग से बचने से स्कॉर्पियो पलटी.दो की मौत ।।


