ग्राम बिनारसी विवाद मामले में कप्तान डोबाल की सख्त कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी भगवानपुर व एसएसआई लाइनहाजिर, पुलिस लाइन में आमद के निर्देश
हरिद्वार। रविदास जयंती के उपरांत ग्राम बिनारसी में हुए विवाद के दौरान दो व्यक्तियों की मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने एक और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसएसपी ने मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कोतवाली प्रभारी भगवानपुर एवं वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर करने के आदेश जारी किए हैं।
एसएसपी डोबाल ने दोनों अधिकारियों को तत्काल पुलिस लाइन में आमद कराने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम बिनारसी में विवाद की स्थिति को समय रहते नियंत्रित न किए जाने और पुलिस व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जन सुरक्षा और कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे भी जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में यह संदेश गया है कि जवाबदेही तय करने में पुलिस प्रशासन कोई ढिलाई नहीं बरतेगा।
बड़ी खबर(उत्तराखंड) यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली प्रभारी व एस एस आई पर की बड़ी कार्रवाई ।।


