फर्जी सीमेंट डीलर बनकर ठेकेदार से 5.20 लाख की ठगी, पुलिस ने कराई पूरी रिकवरी
अल्मोड़ा। फोन पर खुद को “शर्मा जी” बताकर सीमेंट डीलर बनने वाले शातिर ठग ने एक ठेकेदार को लाखों का चूना लगा दिया। हालांकि अल्मोड़ा पुलिस और साइबर टीम की मुस्तैदी से न सिर्फ आरोपी को ट्रेस कर लिया गया, बल्कि पीड़ित की पूरी रकम भी वापस दिला दी गई।
मामले के अनुसार, थाना दन्या क्षेत्र निवासी ठेकेदार दिलीप सिंह ने 9 अक्टूबर 2024 को तहरीर देकर बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर खुद को सिकन्दराबाद, बुलन्दशहर स्थित एक सीमेंट कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर बताते हुए सस्ते दामों पर सीमेंट देने का झांसा दिया। आरोपी ने भरोसा जीतकर उनसे ₹5,20,000 की धनराशि ठग ली।
शिकायत के आधार पर थाना दन्या में एफआईआर संख्या 30/2024 धारा 316(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर ठगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह और सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत व साइबर सेल/एसओजी टीम ने तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को ट्रेस किया। पुलिस टीम अक्टूबर 2024 में पश्चिम बंगाल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भंडारी की सशक्त कार्यवाही के चलते आरोपी अंकित चौधरी उर्फ “शर्मा जी” ने न्यायालय में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पीड़ित ठेकेदार को पूरी ₹5.20 लाख की राशि वापस दिलाई गई।
गिरफ्तार आरोपी
अंकित चौधरी (21 वर्ष), पुत्र सतेन्द्र चौधरी, निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल।
बड़ी खबर(उत्तराखंड)सीमेंट डीलर बनकर ठगी एक गिरफ्तार ।।


