समाचार सारांश टीम नेटवर्क छत्तीसगढ़ से एक लोम हर्षक घटना सामने आई है ।
जांजगीर-चांपा। जिले के गांव भिलौनी में एक पिता ने अपने छह वर्षीय बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला। पिता शराब पीने का आदी था। पत्नी से विवाद होता रहता था। पामगढ़ पुलिस ने आरोपी पिता रमेश यादव को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि आरोपी रमेश यादव ग्राम भैंसों का निवासी है। उसने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अपने ससुराल भिलौनी से बेटे आयुष यादव को अपने साथ लिया और घर से निकल गया। कुछ घंटों बाद वह आयुष का मृत शरीर लेकर वापस भिलौनी पहुंचा।
कार्यवाही पुलिस के अनुसार, रमेश यादव और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी है और अक्सर गाली-गलौज व मारपीट करता था। इसी से तंग आकर वह अपने दो बच्चों के साथ मायके भिलौनी में रहने लगी थी। रमेश यादव इस बात से नाराज था और अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी देता था। मृतक आयुष की मां ने अपने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि रमेश ने धमकी दी थी कि वह उसे भी मार देगा और खुद भी मर जाएगा। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और रमेश यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले उसने नशे में होने और साइकिल नहर में गिरने से आयुष की मौत होने की बात कही। कड़ाई से पूछताछ करने पर रमेश यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के घर वापस न आने से वह आक्रोशित था। उसने आयुष को नहर के पानी में डुबोकर मार डाला और फिर शव को ससुराल भिलौनी ले आया। पामगढ़ पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, जिसके बाद आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जाएगी।


