इंदौर
इंदौर की ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। घर के बाहर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक कार में हुए शॉर्ट सर्किट ने पूरे मकान को आग के गोले में तब्दील कर दिया। इस भयानक अग्निकांड में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक डेढ़ साल का बच्चा और महिलाएं भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग पॉइंट में चिंगारी उठी। कार में आग लगते ही घर में रखे प्लास्टिक के सामान और केमिकल ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि घर में रखे 4
गैस सिलेंडर एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया।
इस हादसे में सबसे बड़ी रुकावट घर के डिजिटल लॉक बने। आग के कारण जैसे ही बिजली कटी, घर के आधुनिक दरवाजे जाम हो गए। अंदर फंसे लोग बाहर निकलने के लिए छटपटाते रहे, लेकिन दरवाजे नहीं खुले। पड़ोसियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका।


