तीन वर्षों में 7092 पदों पर चयन, 3500 पदों की प्रक्रिया जारी: अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पिछले तीन वर्षों में बड़ी संख्या में भर्ती परीक्षाएं आयोजित कर प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया है। आयोग द्वारा 72 प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित कर 7092 पदों पर चयन की संस्तुतियां संबंधित विभागों को भेजी जा चुकी हैं, जबकि लगभग 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया अभी भी जारी है।
आयोग के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न विभागों के समूह ‘ग’ के लगभग 1100 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 11 प्रस्तावित विज्ञप्तियों के तहत 1737 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस वर्ष आयोग ने लगभग 79,246 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा 3004 अभ्यर्थियों की टंकण और आशुलेखन परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई है। आगामी महीनों में वाहन चालन, टंकण और आशुलेखन की अन्य परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने कई सुधार लागू किए हैं। इनमें ऑनलाइन आवेदन में आधार अनिवार्य करना, बायोमैट्रिक उपस्थिति, परीक्षा केंद्रों पर जैमर और फिस्किंग व्यवस्था शामिल हैं। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए IVR तकनीक, टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप सेवा भी शुरू की गई है।
भविष्य में परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एआई तकनीक, लाइव सीसीटीवी निगरानी, पाम और आइरिस आधारित डिजिटल सत्यापन तथा संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया और सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आयोग लगातार नए सुधार लागू कर रहा है।
(उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) 3500 पदों पर चयन प्रक्रिया जारी ।


